नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार से चार दिवसीय बसंतोत्सव- 2026 का विधिवत शुभारंभ हुआ। उत्सव के प्रथम दिन महाविद्यालय परिसर छात्राओं के उत्साह, उमंग और सक्रिय सहभागिता से सराबोर नजर आया।
बसंतोत्सव के पहले दिन आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में चेयर रेस, बोरा रेस, चम्मच रेस एवं स्लो साइकिल रेस शामिल रहीं। वहीं, मांडना एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्राओं की रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा देखने को मिली।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. प्रतिभा कालानी ने कहा कि खेल एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियां छात्राओं के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस प्रकार के आयोजन छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं।
बसंतोत्सव के अंतर्गत 23 जनवरी, वसंत पंचमी के पावन अवसर पर महाविद्यालय परिसर में स्थापित मां सरस्वती की प्रतिमा का विधिवत पूजन-अर्चन माननीय विधायक दिलीपसिंह परिहार के कर-कमलों से किया जाएगा। इसके पश्चात प्रसाद वितरण एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वहीं, 24 जनवरी को प्रातः 11 बजे से महाविद्यालय परिसर में भव्य बसंत मेले का आयोजन किया जाएगा।
चार दिवसीय बसंतोत्सव का समापन 27 जनवरी को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा। इस अवसर पर वर्षभर में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली, अकादमिक उपलब्धियों तथा राज्य स्तर पर उपलब्धि अर्जित करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।