नीमच। पुलिस महानिदेशक, भोपाल (मध्यप्रदेश) द्वारा चलाए जा रहे चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम अभियान के तहत पुलिस थाना नीमच कैंट को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक नीलेश अवस्थी के नेतृत्व में नीमच कैंट पुलिस टीम ने दुकान में चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया मश्रुका एवं चोरी में प्रयुक्त उपकरण जब्त किए हैं। थाना नीमच कैंट के अपराध क्रमांक 27/2026, धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई।

घटना का विवरण-
दिनांक 21 जनवरी 2026 को फरियादी अली अजगर बोहरा निवासी बंगला नंबर-48, हनुमान चाट वाली गली, नीमच ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी “सैफी आयरन स्टोर” एवं समीप स्थित “बुरहानी आयरन स्टोर” को दिनांक 19 जनवरी की रात्रि ताला लगाकर बंद किया गया था।

20 जनवरी की सुबह दुकान खोलने पर पाया गया कि सैफी आयरन स्टोर का ताला टूटा हुआ था तथा गुल्लक से नकदी, एक आईफोन मोबाइल सहित सिम, दो सैमसंग मोबाइल, एक विवो कंपनी का चार्जर, ब्लूटूथ और आधार कार्ड चोरी हो गए थे। जांच में सामने आया कि अज्ञात आरोपी ने टीनशेड के नट-बोल्ट खोलकर छत से दुकान में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

आरोपी की गिरफ्तारी-
पुलिस द्वारा विवेचना के दौरान करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई एवं मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। इसके बाद दिनांक 21 जनवरी 2026 को आरोपी अशफाक उर्फ छोटू पिता नियाज मोहम्मद (19 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर-34, बघाना, जिला नीमच को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया सामान एवं वारदात में प्रयुक्त उपकरण जब्त किए गए। आरोपी से अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों को लेकर पूछताछ जारी है।

जब्त मश्रुका-
फरियादी का आधार कार्ड, एक एप्पल कंपनी का मोबाइल, दो सैमसंग कंपनी के मोबाइल, एक ब्लूटूथ, एक विवो कंपनी का चार्जर, नकद 1,980 रुपये, घटना में प्रयुक्त टेंपो (एमपी-09-केडी-9552), बड़ा पेचकस, लोहे का प्लायर, स्क्रू एवं पाना।

सराहनीय योगदान-
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीलेश अवस्थी, प्रधान आरक्षक अजय सिंह राणावत सहित नीमच कैंट थाना पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
