पोलायकला। नगर परिषद में गुरुवार को एक विशेष सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से वार्ड क्रमांक 2 में पार्क और दुकानों के निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा कालापीपल में की गई घोषणा अब धरातल पर पूरी होने जा रही है। बैठक में 12 पार्षद उपस्थित थे, जिन्होंने दो अन्य प्रस्तावों को भी मंजूरी दी।
मुख्यमंत्री ने 12 जनवरी 2025 को कालापीपल में लाड़ली बहना योजना की राशि हस्तांतरण के दौरान पोलायकला में पार्क और दुकानों के निर्माण की घोषणा की थी। इस परियोजना के तहत वार्ड क्रमांक 2 में स्वर्गीय शालिग्राम तोमर की जन्मस्थली पर 1 करोड़ रुपये की लागत से पार्क और दुकानें बनाई जाएंगी।
इस पहल से नगर के नागरिकों को मनोरंजन के साथ-साथ घूमने और समय बिताने के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। लंबे समय से नगरवासी पार्क निर्माण की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी होती दिख रही है। यह विकास कार्य नगर के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के नगर परिषद के प्रयासों का हिस्सा है।
नगर परिषद के सीएमओ भगवान सिंह भिलाला ने बताया कि परिषद की बैठक में मुख्यमंत्री की घोषणा को पूरा करने के लिए पार्क और दुकान निर्माण के साथ दो अन्य प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। पार्क निर्माण स्थल पर अवैध रूप से कब्जा जमाए गुमटी धारियों को समझाइश दी जाएगी। भूमि का सीमांकन करवाकर वरिष्ठ कार्यालय को पत्र लिखकर वर्तमान में अवैध कब्जा कर बैठे दुकानदारों को नगर परिषद द्वारा बनाई जाने वाली दुकानों में पात्रता देने हेतु मार्गदर्शन मांगा जाएगा।