खरगोन। जिले में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान शहर के मुस्लिम वार्डों में कथित तौर पर ‘मतदाताओं के वार्ड में निवास नही करने पर मतदाता सूची से नाम हटाए जाने की थोकबंद दर्ज कराई जा रही आपत्तियों पर मुस्लिम समाज ने नाराजगी जताई है।
गुरुवार को मुस्लिम समाजजनों ने एसडीएम वीरेंद्र कटारे से मुलाकात कर इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। एसडीएम को निमाड़ मुस्लिम जमात और जमात इस्लाहुल मुस्लिमेमिन कमेटी के बैनर तले सौंपे ज्ञापन में मुस्लिम समाज के आसीफ खान, अलताफ आजाद आदि ने बताया कि मुस्लिम वार्डाे में एक ही व्यक्ति 30 से अधिक आपत्तियां एक ही दिन में दर्ज करा रहा है, जो विधि सम्मत नही है। इतना ही नही आपत्तिकर्ता गलत ईपीक नंबर, मोबाइल नंबर एवं असत्य तथ्यों का उपयोग कर वैध मतदाताओं के नाम सूची से हटाने के लिए आवेदन कर रहे है, जो अत्यंत गंभीर विषय है। सुनियोजित तरीके से हो रही इस प्रक्रिया से समुदाय में गहरा रोष है और इसे चुनावी प्रक्रिया के राजनीतिक दुरुपयोग के रूप में देखा जा रहा है।