कुकडेश्वर। तंबोली समाज नवयुवक मंडल जिला नीमच के जिला अध्यक्ष महेश मोनू मोदी ने शासन एवं जनप्रतिनिधियों से तंबोली समाज के लोगों को छोटे नेट हाउस (पॉलीहाउस/नेट शेड) पर सब्सिडी योजना के अंतर्गत लाभ देने की मांग की है।
जिला अध्यक्ष मोदी ने कहा कि तंबोली समाज का मुख्य व्यवसाय पान की खेती से जुड़ा हुआ है। वर्तमान समय में बदलते मौसम और बढ़ती लागत के कारण किसानों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में छोटे नेट हाउस किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकते हैं, जिससे कम क्षेत्र में अधिक उत्पादन संभव है।
उन्होंने बताया कि यदि शासन द्वारा तंबोली समाज के कृषकों को विशेष रूप से सब्सिडी योजना के अंतर्गत छोटे नेट हाउस की सुविधा प्रदान की जाती है, तो समाज के आर्थिक स्तर में सुधार होगा और युवा वर्ग कृषि की ओर प्रोत्साहित होगा।
महेश मोनू मोदी ने जनप्रतिनिधियों से इस विषय को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र उचित निर्णय लेने की अपील की, ताकि समाज के किसान आत्मनिर्भर बन सकें।