चित्तौड़गढ़। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत 1 जनवरी से 21 जनवरी 2026 तक जिले में चालकों एवं आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने हेतु विभिन्न जागरूकता एवं प्रवर्तन गतिविधियाँ आयोजित की गईं। पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में 2 जनवरी 2026 को बाल वाहिनी समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें उपस्थित सभी सदस्यों को सड़क सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
जिला परिवहन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 6 जनवरी एवं 21 जनवरी 2026 को दो मोटरसाइकिल हेलमेट रैलियों का आयोजन किया गया, जिनमें कुल 170 मोटरसाइकिल चालकों ने भाग लिया। प्रथम रैली में यातायात पुलिस के कार्मिकों ने भी सहभागिता की।
शहर के प्रमुख स्थलों नेहरू पार्क, सुभाष पार्क, प्रताप सर्किल एवं इंदिरा गांधी स्टेडियम में लगभग 1800 वरिष्ठ नागरिकों को ऑडियो संदेश एवं ब्रोशर के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
शिक्षा विभाग द्वारा जिला एवं ब्लॉक स्तर पर 190 विद्यालयों में परिवहन विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई वीडियो फिल्मों के माध्यम से विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही विद्यालयों में स्लोगन, निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।
यातायात पुलिस द्वारा जिलेभर में प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए कुल 1685 वाहनों के चालान बनाए गए। इनमें तेज गति के 681, गलत दिशा में वाहन चलाने के 511, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के 25, शराब पीकर वाहन चलाने के 2, बिना सीट बेल्ट के 123, बिना हेलमेट के 44 तथा अन्य 250 मामलों में चालान शामिल हैं।
चिकित्सा विभाग द्वारा नेत्र जांच हेतु 3 शिविर तथा निजी सामाजिक संस्थाओं द्वारा 2 नेत्र जांच शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 1256 चालकों एवं आम नागरिकों को निःशुल्क दवाइयाँ एवं चश्मे वितरित किए गए।
सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा 10 ट्रैफिक साइन लगाए गए, 550 स्थानों पर रोड मार्किंग की गई, 46 ट्रक ले-बाय, 4 हाईवे पेट्रोलिंग, 7 ट्रैफिक कैल्मिंग सुधार, 30 जंक्शन सुधार कार्य, 2 स्पीड ब्रेकर बनाए गए, 14 अवैध कट बंद किए गए तथा 30 अवैध अतिक्रमण हटाए गए।
परिवहन विभाग द्वारा ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा, स्टेज कैरिज, कॉन्ट्रैक्ट कैरिज एवं भार वाहन चालकों के लिए कार्यशालाओं का आयोजन किया गया, जिसमें 225 चालकों ने सहभागिता कर यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। प्रवर्तन दलों द्वारा 760 वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए तथा हाईवे पर 90 पशुओं को काउ बेल्ट पहनाई गई।
इसके अतिरिक्त हाईवे पर परिवहन विभाग के उड़नदस्तों द्वारा कुल 1336 चालान बनाए गए, जिनमें ओवरलोड वाहनों के 45 तथा बिना सीट बेल्ट के 36 चालान शामिल हैं।