जुलवानिया। थाना जुलवानिया पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महाराष्ट्र से चोरी कर लौट रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 38 लाख 91 हजार 860 रुपये मूल्य का चोरी का माल एवं हथियार जब्त किए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिलने पर जुलवानिया पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में सुनसान मकान का ताला तोड़कर सोना-चांदी के आभूषण एवं नगदी चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 09 एमएम पिस्टल, एक देशी पिस्टल, तीन कट्टे, तीन जिंदा कारतूस, भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, मोबाइल फोन तथा चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।
आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों एवं वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रामकुमार पाटिल सहित जुलवानिया पुलिस टीम की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।