चित्तौड़गढ़। जिले की सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने रविवार को नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ब्रेजा कार से एक किलो से अधिक एमडीएम ड्रग्स तथा 100 ग्राम अवैध स्मैक जब्त कर मध्यप्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम एवं धरपकड़ के लिए सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल के सुपरविजन में थानाधिकारी सदर निम्बाहेड़ा संजय शर्मा (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा हाईवे रोड पर थाने के सामने वंडर पुलिया के पास नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान नीमच-प्रतापगढ़ की ओर से आ रही एक ब्रेजा कार को रुकवाकर तलाशी ली गई। कार में सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से 1 किलो 20 ग्राम अवैध एमडीएम ड्रग्स तथा 100 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई।
पुलिस ने एमडीएम ड्रग्स, स्मैक एवं तस्करी में प्रयुक्त कार को जब्त कर 28 वर्षीय जितेंद्र पुत्र भेरूलाल पोकरवाल निवासी सरसोद, थाना दलोदा, जिला मंदसौर (म.प्र.) तथा 33 वर्षीय गोवर्धन पुत्र रामलाल लोहार निवासी सरसोद, थाना दलोदा, जिला मंदसौर (म.प्र.) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।