नीमच। जिले में सोमवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो शिक्षकों सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पहला हादसा ग्राम घसुंडी जागीर के श्मशान के पास हुआ। मिडिल स्कूल के शिक्षक शांतिलाल मीणा (53) और हाई स्कूल के शिक्षक प्रहलाद टेलर (52) अपने स्कूल से तिरंगा उतारकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में शांतिलाल मीणा का पैर फ्रैक्चर हो गया। दोनों घायल शिक्षकों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं। शांतिलाल मीणा पोड़ का खेड़ा के निवासी हैं, जबकि प्रहलाद टेलर चीताखेड़ा के निवासी हैं।

इसी तरह की दूसरी घटना नीमच-मनासा मार्ग पर साईं ढाबे के सामने हुई। नीमच सिटी के खेड़ी मोहल्ला निवासी बाबूलाल रैगर (45) पैदल अपने घर जा रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी और वह मौके से फरार हो गया।

हादसे के बाद सड़क पर घायल पड़े बाबूलाल की मदद के लिए राहगीर आगे आए। उन्होंने तुरंत स्कूटी से बाबूलाल को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों ही मामलों में अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
