चित्तौड़गढ़। जिले के चंदेरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मान्दला में सिरोड़ी जाने वाले मार्ग पर मार्बल स्लेरी डालने के स्थान के पास एक अज्ञात महिला का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की शिनाख्त के प्रयासों के लिए उसे सांवलियाजी चिकित्सालय, चित्तौड़गढ़ के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवाया गया है।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया। प्रारंभिक जांच में शव काफी समय पुराना प्रतीत हो रहा है। महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। शव को नियमानुसार कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिससे मृत्यु के कारणों का पता लगाया जा सके।
घटनास्थल का निरीक्षण एमओबी टीम तथा भीलवाड़ा से आई एफएसएल टीम द्वारा किया गया। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पहचान के प्रयासों के तहत महिला के हुलिए, कपड़ों और अन्य पहचान चिन्हों के आधार पर जानकारी एकत्र की जा रही है तथा गुमशुदा व्यक्तियों के रिकॉर्ड से मिलान किया जा रहा है।
थानाधिकारी चंदेरिया, पुलिस निरीक्षक मोतीराम के अनुसार मान्दला में सिरोड़ी मार्ग पर मार्बल स्लेरी मिट्टी के ढेर के नीचे शव दबे होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर एक पैर की हड्डी और दूसरा पैर घुटने के पास से मुड़ा हुआ बाहर निकला हुआ दिखाई दिया। मिट्टी हटवाने पर शव एक अज्ञात महिला का मिला, जो अत्यधिक क्षत-विक्षत अवस्था में था। चेहरे की त्वचा गल चुकी थी, जिससे पहचान संभव नहीं हो पा रही थी। सिर पर काले बाल पाए गए हैं। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को मुर्दाघर में रखवाया गया है।
मृतका का हुलिया-
वयस्क महिला
शरीर पर महरून रंग की फुल आस्तीन जर्सी, जिसमें बड़े लाल रंग के प्लास्टिक बटन लगे हैं
गुलाबी रंग की लेगिंग पहने हुए
सिर पर काले बाल
बाएं हाथ की कलाई पर “Puran Sang Geeta” नाम गुदा हुआ
पुलिस द्वारा सभी पहलुओं से मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आमजन से अपील की गई है कि यदि किसी को उक्त महिला के संबंध में कोई जानकारी हो, तो नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।