मंदसौर। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार नाबालिग बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के अंतर्गत सुवासरा पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ हेमलता कुरिल एवं एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुवासरा निरीक्षक अनिल रघुवंशी के नेतृत्व में गठित टीम ने 24 नवंबर 2025 से अपहृत 17 वर्ष 6 माह की नाबालिग बालिका को सुरक्षित दस्तयाब किया।
थाना सुवासरा में 25 नवंबर 2025 को दर्ज अपराध क्रमांक 361/25, धारा 137(2) बीएनएस के तहत विवेचना के दौरान पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए विश्वसनीय मुखबिर तंत्र की सहायता से बालिका को बरामद किया। प्रकरण में तीन मुख्य आरोपियों सहित आरोपी को संरक्षण देने वाले पति-पत्नी को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उन्हें जिला जेल मंदसौर भेजा गया।
इस सराहनीय कार्रवाई में पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।