नीमच। जिले के रतनगढ़ क्षेत्र में आज शनिवार शाम को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसमें सेंट्रल बैंक की कैश डिलीवरी वैन में तैनात एक गार्ड की गोली लगने से मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेंट्रल बैंक की कैश डिलीवरी वैन के गार्ड मांगीलाल धाकड़ (निवासी रतलाम) को उनकी ही 12 बोर बंदूक से अचानक गोली लग गई। बताया जा रहा है कि लोडेड गन का बटन अचानक दब जाने से गोली चली, जो उनके कूल्हे में लगी और पेट को चीरती हुई बाहर निकल गई।

घटना के बाद मौके पर मौजूद संजय गुर्जर ने उन्हें गिरे हुए अवस्था में देखा और तत्काल गंभीर हालत में नीमच जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है।
