मंदसौर। पुलिस ने अहमदाबाद के दो भाइयों गोपाल और संजय बागरी को नकली घी बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया। उनके पास से लगभग डेढ़ सौ लीटर नकली घी, सोयाबीन तेल, बर्तन और केमिकल जब्त किया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले तीन महीनों से मंदसौर में रह रहे थे और सोयाबीन तेल में केमिकल व आर्टिफिशियल देसी फ्रेगरेंस मिलाकर घी तैयार कर 200 रुपए प्रति किलो की दर से ग्रामीणों को बेच रहे थे। यह घी स्वास्थ्य के लिए खतरनाक पाया गया।

सीतामऊ फाटक क्षेत्र में चल रही फैक्ट्री पर शनिवार-रविवार की दरमियानी रात संयुक्त रूप से दबिश दी गई। मौके पर आरोपी नकली घी बना रहे थे। पुलिस ने मौके से सामग्री जब्त कर दोनों भाइयों को गिरफ्तार किया।

एसडीएम शिवलाल शाक्य ने बताया कि दोनों आरोपियों द्वारा रोजाना ग्रामीण क्षेत्रों में घी बेचकर लोगों को धोखा दिया जा रहा था। फूड सेफ्टी विभाग ने जब्त घी के सैंपल लैब जांच के लिए भेजे हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
