नीमच। शहर के एक ज्वैलर्स प्रतिष्ठान पर गिरवी रखे गए सोने-चांदी के गहने वापस नहीं मिलने के आरोप को लेकर मंगलवार दोपहर विवाद की स्थिति बन गई। दो महिलाओं द्वारा दुकान पर आपत्ति दर्ज कराए जाने के बाद कहासुनी बढ़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को थाने ले जाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार छोटी सादड़ी क्षेत्र के ग्राम रानीखेड़ा निवासी रमकु बाई ने आरोप लगाया कि उन्होंने लगभग 10 वर्ष पूर्व संदीप ज्वैलर्स पर 1 किलो पाट की चांदी, 1 तोला सोना तथा करीब 1 किलो चांदी के पैर के कड़े गिरवी रखे थे। उनका कहना है कि पिछले एक माह से वे गहने वापस लेने के लिए दुकान के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन उन्हें लगातार टालमटोल किया जा रहा है।

इसी तरह ग्राम आंकली, सरवानिया महाराज निवासी मीरा बाई ने बताया कि उन्होंने करीब 5 वर्ष पूर्व 2 किलो पाट की चांदी, 2 किलो चांदी के कड़े एवं 4 तोला सोना गिरवी रखा था। उनके अनुसार वे पिछले 15 दिनों से लगातार संपर्क कर रही हैं, लेकिन अब तक गहने वापस नहीं किए गए।

दोनों महिलाओं के दुकान पर पहुंचने के बाद ज्वैलर्स प्रतिष्ठान पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति बिगड़ती देख दुकानदार द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश देकर मामला शांत कराया और दोनों पक्षों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। उपलब्ध दस्तावेजों एवं तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
