चित्तौड़गढ़। पुलिस थाना मंगलवाड़ क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक कार से 19 लाख 50 हजार रुपये की संदिग्ध नकद राशि जब्त कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ मनीष त्रिपाठी ने बताया कि अवैध एवं संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और प्रभावी कार्रवाई के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी बड़ीसादड़ी देशराज कुलदीप के सुपरविजन में थानाधिकारी मंगलवाड़ भगवानलाल (पुलिस निरीक्षक) के निर्देश पर एएसआई जगदीशचंद्र एवं पुलिस जाप्ता द्वारा राधेकृष्णा गेस्ट हाउस के सामने नाकाबंदी की जा रही थी।

इसी दौरान एक कार को रोककर तलाशी ली गई। वाहन चालक ने अपना नाम भवानी सिंह चौधरी पुत्र भारूराम चौधरी (उम्र 41 वर्ष), निवासी महावीर नगर, थाना कोतवाली बाड़मेर, जिला बाड़मेर बताया। तलाशी के दौरान कार से कुल 19 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद हुए।

नकदी की वैध जानकारी प्रस्तुत नहीं करने पर राशि को संदिग्ध मानते हुए धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर आरोपी भवानी सिंह चौधरी को गिरफ्तार किया गया। मामले की जांच जारी है।
