कोटा/गरोठ। ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत नाकेबंदी के दौरान कोटा ग्रामीण के कनवास थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 49 किलोग्राम से अधिक चांदी की सिल्लियां जब्त की हैं। जब्त की गई चांदी की अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 40 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस द्वारा की गई जांच के दौरान चांदी के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। दस्तावेजों के अभाव में मामले की सूचना जीएसटी एवं आयकर विभाग को दी गई है।
इस कार्रवाई में मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष जैन पिता प्रकाशचंद जैन एवं पीरूलाल माली पिता मोतीलाल माली के रूप में हुई है।
फिलहाल पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा चांदी की खरीद-फरोख्त और परिवहन से जुड़े पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।