देवास। जिले के हाटपिपलिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नायता पूवाडला में करोड़ों रुपये की लागत से बनी पुलिया जर्जर हालत में पहुंच चुकी है। पुलिया पर लगे बिजली के पोल और लाइनें भी झूलती नजर आ रही हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी दहशत है।
ग्रामीणों ने हमारे संवाददाता अभिषेक सोनी को बताया कि निर्माण के दौरान ही घटिया सामग्री को लेकर शिकायत की गई थी और क्षेत्रीय विधायक को भी अवगत कराया गया था, बावजूद इसके पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। पुलिया पहले भी टूट चुकी थी और बाद में मरम्मत के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की गई।
पुलिया से सटा 11000 केवी का जर्जर बिजली पोल किसी भी समय गिर सकता है, लेकिन विद्युत विभाग की लापरवाही बनी हुई है। ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।