प्रतापगढ़। 12 फरवरी 2026 से प्रारंभ होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए गुरुवार 5 फरवरी को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, प्रतापगढ़ से जिला परीक्षा संचालन समिति के निर्देशानुसार एवं बोर्ड मानदंडों के अनुरूप प्रश्न पत्रों का वितरण सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।
प्रश्न पत्र वितरण से पूर्व जिले के सभी परीक्षा केंद्र अधीक्षकों का पुनः प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में बोर्ड परीक्षाओं को अत्यंत संवेदनशील एवं चुनौतीपूर्ण दायित्व बताते हुए परीक्षा संचालन में पूर्ण पारदर्शिता, अनुशासन एवं सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) कमलेश तेतरवाल ने स्पष्ट किया कि परीक्षा आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न केवल व्यवस्था को प्रभावित करती है, बल्कि पूरे शिक्षक समाज की छवि पर भी प्रश्नचिन्ह लगाती है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों से जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने का आह्वान किया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रतापगढ़ जिले में कोई भी संवेदनशील अथवा अति-संवेदनशील परीक्षा केंद्र नहीं है। साथ ही किसी भी परीक्षा केंद्र को नोडल या एकल केंद्र घोषित नहीं किया गया है। बोर्ड परीक्षा से संबंधित जिला परीक्षा संचालन समिति की बैठक पूर्व में जिला कलेक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया की अध्यक्षता में आयोजित की जा चुकी है।
निर्देशानुसार जिला स्तरीय कंट्रोल रूम 9 फरवरी 2026 से परीक्षा समाप्ति तक संचालित रहेगा, जबकि राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम 5 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक सक्रिय रहेगा।
प्रशिक्षण के दौरान प्रश्न पत्रों की प्राप्ति एवं वितरण प्रक्रिया, परीक्षा केंद्रों की वीडियोग्राफी, बैठक व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों पर विस्तृत चर्चा की गई। सभी परीक्षा केंद्रों के प्रश्न पत्र संबंधित पुलिस थाना अथवा चौकी में सुरक्षित रखे जाएंगे।
बोर्ड परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र लिफाफों की रंग व्यवस्था इस प्रकार निर्धारित की गई है—
उच्च माध्यमिक (प्रवेशिका) : गुलाबी/लाल,
वरिष्ठ उपाध्याय : हरा,
उच्च माध्यमिक : नीला,
माध्यमिक : पीली पट्टी युक्त।
प्रत्येक परीक्षा दिवस पर केंद्र अधीक्षक, अतिरिक्त केंद्र अधीक्षक एवं पेपर को-ऑर्डिनेटर संबंधित थाने से प्रश्न पत्र प्राप्त कर नियमानुसार परीक्षा केंद्र पर खोलने की प्रक्रिया संपादित करेंगे। जिले के सभी परीक्षा केंद्र राजकीय विद्यालयों में ही गठित किए गए हैं।
परीक्षा कार्य से पूर्व संदिग्ध, लापरवाह, ब्लैकलिस्टेड, पोक्सो अथवा अश्लीलता प्रकरणों में संलिप्त एवं दंडित कर्मियों को परीक्षा कार्य से पृथक रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिला परीक्षा संचालन समिति के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्रों की 100 मीटर परिधि में भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 लागू की जाएगी।
परीक्षा अवधि के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
चार रूटों के माध्यम से जिले के कुल 74 परीक्षा केंद्रों के लिए प्रश्न पत्रों का वितरण इंडक वाहनों द्वारा सशस्त्र सुरक्षा बल की निगरानी में किया गया। प्रत्येक वाहन के साथ दो सशस्त्र सुरक्षाकर्मी एवं न्यूनतम दो राजपत्रित अधिकारी नियुक्त रहे। सभी प्रश्न पत्र पैकेट संबंधित थानों की अलमारियों में सुरक्षित रखकर सील किए गए।
प्रश्न पत्र वितरण की संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई गई। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी भंवरलाल शर्मा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी लालूराम जायसवाल, उपाचार्य दीपक पंचोली, कंट्रोल रूम प्रभारी पीयूष भट्ट सहित सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्र अधीक्षक उपस्थित रहे।