देवास। शहर में विकास की रफ्तार अब नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रही है। शुक्रवार को शहर के पांच वार्डों में करीब 80 लाख रुपए की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का विधायक गायत्री राजे पंवार के मुख्यातिथि में भूमि पूजन कर देवास के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला रखी गई। यह सिर्फ निर्माण कार्यों की शुरुआत नहीं, बल्कि शहरवासियों के सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस दोरान महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव, सभापति रवि जैन और विधायक व महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल के सहित क्षेत्रिय पार्षद उपस्थित रहे।
इन कार्यों के तहत वार्ड क्रमांक 4 में सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा, वार्ड 15 और 16 में 20-20 लाख रुपए की लागत से पेवर्स ब्लॉक लगाए जाएंगे, वार्ड 19 के गौतम नगर स्थित शीतला माता मंदिर गार्डन में 20 लाख रुपए से बाउंड्री वॉल और पेवर्स ब्लॉक का कार्य होगा, जिससे धार्मिक स्थल और आसपास का क्षेत्र और व्यवस्थित बनेगा। वहीं वार्ड 42 के बालाजी नगर में 10 लाख रुपए की लागत से सामाजिक-सांस्कृतिक भवन का निर्माण होगा, जो क्षेत्रवासियों के लिए सामुदायिक गतिविधियों का नया केंद्र बनेगा।
इस अवसर पर विधायक गायत्री राजे पवार ने कहा कि देवास शहर के सभी 45 वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य लगातार जारी हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जो कार्य पूर्ण हो चुके हैं उनका शीघ्र लोकार्पण किया जाएगा और जो कार्य शेष हैं उनका भी जल्द भूमि पूजन कर उन्हें पूरा किया जाएगा।
शहर में हो रहे ये विकास कार्य सिर्फ सड़कों और भवनों का निर्माण नहीं हैं, बल्कि देवास को एक आधुनिक, सुंदर और सुविधाजनक शहर बनाने की दिशा में मजबूत कदम हैं। विकास की इस रफ्तार से देवास का भविष्य और भी उज्ज्वल होता नजर आ रहा है, जहां हर वार्ड और हर नागरिक को समान रूप से सुविधाएं मिले।