नीमच। ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यातायात पुलिस नीमच ने पंचोली बस सर्विस पर कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूल किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन में यातायात प्रभारी सूबेदार सोनू बडगुर्जर के नेतृत्व में की गई।
यातायात पुलिस द्वारा रविवार 8 फरवरी को नीमच से मंदसौर-रतलाम होकर भाबरा की ओर जा रही पंचोली बस सर्विस को रोका गया। जांच के दौरान बस की छत पर ओवरलोड सामान रखा पाया गया। दस्तावेजों की जांच में भी कमियां सामने आईं। इसके बाद बस को यातायात थाने में खड़ा कर ओवरलोड माल उतरवाया गया एवं बस के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूल किया गया।
इस कार्रवाई में यातायात टीम से सूबेदार सुरेश सिसोदिया, सहायक उप निरीक्षक बृजेश परिहार, प्रधान आरक्षक सुभाष परमार, आरक्षक कृष्ण सैनी एवं प्रधान आरक्षक नाहर सिंह शामिल रहे।
यातायात पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान अन्य वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई, जिसमें कुल 17 चालान काटकर 10 हजार 200 रुपये का समन शुल्क वसूल किया गया।
यातायात पुलिस नीमच ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों का संचालन नियमानुसार करें, सभी दस्तावेज पूर्ण रखें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। आमजन का सहयोग ही यातायात पुलिस का मुख्य उद्देश्य है।