मोहन बड़ोदिया। ग्राम जावदी स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में हुई चोरी की वारदात का थाना मोहन बड़ोदिया पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चांदी के आभूषण, दान पेटी की नकदी, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं धारदार हथियार सहित कुल 4 लाख 20 हजार 570 रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 22–23 जनवरी 2026 की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने मंदिर का ताला तोड़कर चांदी के छत्र, मुकुट, हार सहित अन्य आभूषण एवं शिव मंदिर की दान पेटी से नकदी चोरी कर ली थी। इस संबंध में मंदिर समिति अध्यक्ष कमल सिंह राजपूत की रिपोर्ट पर थाना मोहन बड़ोदिया में बीएनएस की धारा 331(4), 305(डी) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं एसडीओपी शाजापुर अजय कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक भीम सिंह पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान करीब 600 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा सायबर सेल की मदद ली गई।
दिनांक 8 फरवरी 2026 को वाहन चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की गई, जिन्होंने चोरी की वारदात कबूल की। आरोपियों की पहचान भूपेंद्र सिंह देवड़ा (35), जितेंद्र उर्फ तांतिया चौहान (34) एवं चोरी का माल खरीदने वाले प्रशांत उर्फ गब्बर परिहार निवासी आगर-मालवा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों से चांदी के आभूषण एवं नकदी कुल 3,19,570 रुपये, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल कीमत 1 लाख रुपये तथा दो धारदार चाकू बरामद किए हैं। आरोपियों से अन्य जिलों में हुई चोरी की घटनाओं को लेकर भी पूछताछ जारी है। आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज होना पाया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भीम सिंह पटेल सहित थाना स्टाफ एवं सायबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सुरक्षा की दृष्टि से घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगाएं।