शहडोल। कोतवाली थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार बीच सड़क पर आग का गोला बन गई। कार में सवार चालक और महिलाएं समय रहते बाहर कूद गए, जिससे उनकी जान बच सकी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना पेट्रोल पंप और चौपाटी के सामने हुई, जहां हमेशा लोगों की आवाजाही बनी रहती है। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन मौके पर समय पर दमकल वाहन नहीं पहुंच सका। आग तेजी से फैलती गई और पूरी कार जलकर खाक हो गई।
मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात को सुचारू कराया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।