चित्तौड़गढ़। शहादत-ए-इमाम हुसैन की याद में ऐतिहासिक रूप से आयोजित होने वाला दो दिवसीय चालीसवां मोहर्रम (चेहलुम) गुरुवार से शुरू होगा। उर्दू तारीख 22 और 23 सफर 1448 हिजरी (गुरुवार एवं शुक्रवार) को शहर के विभिन्न मोहल्लों से ताज़ियों के जुलूस पूरे अदब, एहतराम और अकीदत के साथ अपने निर्धारित मार्गों से निकाले जाएंगे। जुलूस में चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, मंदसौर, नीमच, छोटी सादड़ी, बड़ी सादड़ी, उदयपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में जायरीन और अकीदतमंद शामिल होंगे।
मोहर्रम इंतज़ामिया कमेटी एवं विभिन्न मोहल्लों के जिम्मेदारों ने आयोजन की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। शहरभर में ताज़ियों को आकर्षक विद्युत सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया है, जिससे शाम होते ही पूरे शहर में धार्मिक उल्लास का माहौल दिखाई दे रहा है।
जुलूस मार्ग पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा संस्थाओं द्वारा जगह-जगह सबीलें लगाई जाएंगी, जहां जायरीनों के लिए शरबत, ठंडा पानी, लंगर एवं अल्पाहार की व्यवस्था रहेगी।
मोहर्रम इंतज़ामिया कमेटी ने शहरवासियों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। वहीं प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।