नीमच। स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज), नीमच में शुक्रवार को केंद्रीय बजट 2026 विषय पर युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कर विशेषज्ञों एवं शिक्षाविदों ने भाग लेकर बजट के प्रावधानों, विकास की दिशा तथा युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों पर विस्तार से अपने विचार रखे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
मुख्य वक्ता विधायक दिलीप सिंह परिहार ने बजट को विकासोन्मुख बताते हुए कहा कि इसमें शिक्षा, रोजगार, आधारभूत संरचना तथा युवाओं के कौशल विकास पर विशेष जोर दिया गया है। भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने बजट के सामाजिक एवं आर्थिक प्रभावों पर प्रकाश डाला।
भाजपा उपाध्यक्ष एवं कर सलाहकार निलेश पाटीदार ने कर प्रावधानों और आर्थिक नीतियों को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रभावती भावसार ने शिक्षा क्षेत्र से जुड़े बजटीय प्रावधानों को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में प्रोफेसर आर.सी. जैन एवं डॉ. संजय जोशी ने बजट की बारीकियों का विश्लेषण करते हुए व्यावहारिक जानकारी दी। स्वागत भाषण विश्व देव शर्मा ने दिया तथा कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर सी.पी. पंवार ने किया।
कार्यक्रम के अंत में एनसीसी की सीनियर अंडर ऑफिसर पूजा प्रजापत को मंचासीन अतिथियों द्वारा प्रशंसा पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि पूजा प्रजापत हाल ही में गणतंत्र दिवस समारोह में दिल्ली के राजपथ पर गार्ड ऑफ ऑनर का हिस्सा बनकर जिले का नाम गौरवान्वित कर चुकी हैं।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष दारा सिंह यादव, मोहन राणावत, महाविद्यालय स्टाफ, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।