उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में शिव नवरात्रि पर्व के चौथे दिन भगवान महाकाल का घटाटोप स्वरूप में श्रृंगार किया गया। सोमवार सुबह श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रांगण स्थित कोटितीर्थ के तट पर प्रातः श्री कोटेश्वर महादेव भगवान का पूजन-अभिषेक और आरती हुई।
मुख्य पुजारी घनश्याम शर्मा के आचार्यत्व में 11 ब्राह्मणों ने भगवान का रुद्रपाठ के साथ अभिषेक किया। दोपहर 3 बजे के बाद संध्या पूजन किया गया। इसके पश्चात महाकालेश्वर को नवीन वस्त्र, रजत मुकुट और शेषनाग का कुंडल अर्पित कर घटाटोप स्वरूप में श्रृंगारित किया।
श्री महाकालेश्वर भगवान 15 फरवरी तक प्रतिदिन संध्या समय अलग-अलग स्वरूपों में भक्तों को दर्शन देंगे।
किस दिन क्या श्रृंगार होगा
10 फरवरी छबीना श्रृंगार
11 फरवरी होलकर श्रृंगार
12 फरवरी मनमहेश श्रृंगार
13 फरवरी उमा महेश श्रृंगार
14 फरवरी शिव तांडव श्रृंगार
15 फरवरी सप्तधान का मुखौटा