देवास। जनपद पंचायत देवास की ग्राम पंचायत सिरोलिया तेजी से एक आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में उभर रही है। बैंक नोट प्रेस देवास के सीएसआर फंड तथा ग्राम पंचायत के संयुक्त प्रयासों से किए गए विकास कार्य अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन रहे हैं।
सीएसआर फंड से ग्राम पंचायत सिरोलिया में भव्य स्वागत द्वार का निर्माण, प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों तथा आंगनवाड़ी भवनों का उन्नयन, स्वास्थ्य केंद्र का नवीनीकरण, मुक्तिधाम एवं तालाब का सौंदर्यीकरण किया गया है। साथ ही महिलाओं के लिए सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की गई है। घर-घर कचरा निपटान के लिए व्यक्तिगत नाडेप गड्ढों का निर्माण, पंचायत स्तर पर कचरा प्रबंधन हेतु सेग्रीगेशन शेड तथा गंदे पानी के निस्तारण के लिए एस्टेब्लिशमेंट पोंड का निर्माण भी किया गया है।
ग्राम पंचायत द्वारा सुंदर पंचायत भवन, बाल वाटिका, आंतरिक सड़कों का निर्माण, कवर्ड नालियां, स्टॉप डेम तथा कचरा संग्रहण वाहन जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी विकास किया गया है। इन कार्यों से ग्रामीणों में हर्ष और संतोष का वातावरण है।
वास्तव में ग्राम पंचायत सिरोलिया में किए गए समस्त विकास कार्य ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं का सशक्त उदाहरण हैं, जिनमें बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं सभी वर्गों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध विकास किया गया है। इस प्रकार का सार्वजनिक-निजी सहभागिता मॉडल न केवल ग्रामीण बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करता है, बल्कि ग्रामीण जीवन स्तर में भी व्यापक सुधार लाता है।