नीमच जिला कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में गांव बिसलवास कलां निवासी कन्हैयालाल जाटव ने आवेदन प्रस्तुत कर पड़ोसी व्यक्ति पर मकान और बाड़े की भूमि हड़पने का प्रयास करने तथा धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।जाटव ने मामले में सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में कन्हैयालाल ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है तथा हार्ट पेशेंट है। उसके अनुसार वह सर्वे नंबर 120 की भूमि में से 0.5 आरी पर पिछले करीब 45 वर्षों से मकान बनाकर निवास कर रहा है, जिसका उल्लेख खसरा रिकॉर्ड में भी वर्ष 1995 से 2000 तक दर्ज है। प्रार्थी ने आरोप लगाया कि संघवी मोहल्ला निवासी विष्णु पाटीदार द्वारा उसकी कब्जे की भूमि पर जबरन दावा किया जा रहा है और दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही धमकी देकर मकान तोड़ने की बात कही जा रही है। आवेदन में जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत में यह भी बताया गया कि संबंधित व्यक्ति द्वारा पूर्व में धारा 250 के तहत प्रकरण दायर किया गया था, जिसे तहसीलदार न्यायालय द्वारा समाप्त कर दिया गया था। इसके बावजूद विवाद जारी है। आवेदक ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति द्वारा पंचायत की शासकीय भूमि के उपयोग और अन्य सर्वे नंबरों की भूमि पर बिना अनुमति प्लॉट काटकर विक्रय करने जैसे कार्य भी किए गए हैं। कन्हैया लाल जाटव ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर भूमि पर कब्जा सुरक्षित कराने और धमकी देने वाले के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।