मुरैना। मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर सोमवार को मुरैना स्थित प्रसिद्ध श्री करह धाम आश्रम में आयोजित सिय-पिय मिलन समारोह में सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने गुरुदेव पटिया वाले बाबा महाराज के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की निरंतर प्रगति, शांति और जनकल्याण की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने बाई महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त किया और सीताराम नाम कीर्तन एवं सदियों पुरानी रामधुन में सहभागिता की। उन्होंने दीनबंधु दास महाराज को पुष्पमाला अर्पित कर उनका आशीर्वाद भी लिया।
रासलीला मंच से संबोधित करते हुए तोमर ने कहा कि “परमात्मा को जिस भाव और श्रद्धा से स्मरण किया जाता है, वही स्वरूप भक्त को अनुभूत होता है।” उन्होंने कहा कि पटिया वाले बाबा महाराज की कठोर तपस्या और साधना से प्राप्त आध्यात्मिक आनंद ही इस विशाल श्रद्धालु-समूह की उपस्थिति का प्रमाण है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कैलाशवासी महाराज की बरसी के अवसर पर आयोजित यह भव्य धार्मिक मेला सनातन परंपरा की जीवंत मिसाल है। उन्होंने बताया कि परम पूज्य रामदास महाराज जी ने अपनी तपस्या के लिए इस पावन स्थल का चयन किया, जिसके कारण आज करह धाम देश-प्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए एक प्रमुख तीर्थ बन चुका है।
तोमर ने कहा कि सनातन धर्म में अनेक तीर्थस्थल हैं, लेकिन करह धाम ऐसा स्थल है जहाँ दर्शन मात्र से चारों धामों के दर्शन का पुण्य प्राप्त होता है। उन्होंने अपने निजी अनुभव साझा करते हुए कहा कि अल्प आयु में उन्हें परम पूज्य रामदास महाराज जी का सानिध्य प्राप्त हुआ, जिसने उनके जीवन को गहराई से प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि दीनबंधु महाराज जी उसी आध्यात्मिक परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में गाँव-गाँव में रामायण पाठ, कीर्तन, सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का आयोजन हो रहा है, जिससे समाज में धर्म, नैतिकता और आध्यात्मिक चेतना सुदृढ़ हो रही है।
इस अवसर पर मुरैना की महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, समाजसेवी कमलेश कुशवाह, डॉ. योगेशपाल गुप्ता, एसडीओपी पुलिस सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।