खरगोन। शहर सीमा से लगे ग्राम दारापुर बेड़िया में बेरोकटोक हो रही अवैध शराब बिक्री से ग्रामीण परेशान है। खासकर महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। मंगलवार को महिलाओं ने गांव में बिक रही अवैध शराब के खिलाफ विरोध के स्वर मुखर किये। बड़ी संख्या में मुख्यालय पहुंची महिलाओं ने कलेक्टर के नाम शिकायती आवेदन सौपकर शराब बिक्री पर रोक की मांग की। महिलाओं ने बताया ग्राम में अवैध रूप से बिक रही कच्ची, देशी-विदेशी शराब से गांव का माहौल बिगड़ रहा है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि मेनगांव थाने पर नामजद शिकायत के बाद भी शराब बिक्री करने वालो के खिलाफ कोई कार्रवाई नही हुई, नतीजतन शराब विक्रेता विरोध करने पर दबंगई दिखाते है। गांव में हालात यह है कि युवा पीढ़ी को नशे की लत लग गई है तथा घरेलू हिंसा के मामलों में भी वृद्धि हुई है। गांव में जगह-जगह अवैध शराब बिकने के कारण बाहरी लोगों का भी गांव में आना-जाना लगा रहता है तथा रात-बेरात भी कई लोग गांव में घूमते हैं तथा गाली-गलौज आदि करते हैं। इससे महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। सहायक आबकारी अधिकारी योगेश कुमार टटवाडे ने बिक रही अवैध कच्ची पक्की शराब बंद करने का आश्वासन दिया है।