मंदसौर। जनपद भानपुरा अंतर्गत ग्राम अंत्रालिया निवासी रमेश चंद्र भांभी लंबे समय से हृदय रोग से पीड़ित हैं। कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण वे समुचित उपचार नहीं करा पा रहे थे। हृदय रोग के इलाज में होने वाले भारी खर्च को लेकर परिवार गहरी चिंता में था।
वर्तमान में रमेश चंद्र का उपचार सिद्धिविनायक अस्पताल, मंदसौर में चल रहा था, लेकिन आर्थिक अभाव उपचार में सबसे बड़ी बाधा बना हुआ था। जैसे ही यह मामला जिला प्रशासन के संज्ञान में आया, प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल पहल की। भोपाल स्तर पर समन्वय कर सिर्फ एक दिन में आयुष्मान कार्ड बनवाया गया।
आयुष्मान कार्ड बनने के बाद रमेश चंद्र को इलाज की चिंता से राहत मिली और अब वे सिद्धिविनायक अस्पताल में निःशुल्क एवं सुचारु रूप से हृदय उपचार करा रहे हैं।
रमेश चंद्र ने भावुक होकर कहा पैसों की कमी के कारण मैं अपना इलाज नहीं करवा पा रहा था। जिला प्रशासन ने मेरी समस्या को गंभीरता से लिया और एक ही दिन में आयुष्मान कार्ड बनवाया। अब मैं बिना चिंता के इलाज करवा पा रहा हूँ। इसके लिए मैं जिला प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।
जिला प्रशासन की संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई ने न केवल एक जरूरतमंद मरीज को उपचार उपलब्ध कराया, बल्कि उसके परिवार को भी नई उम्मीद और जीवन का संबल प्रदान किया है।