शाजापुर शहर में सोमवार को चंद्रशेखर आजाद होली उत्सव समिति द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होलिका माता का पूजन संपन्न किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना की।
समिति के सदस्यों ने विधिवत मंत्रोच्चार के साथ होलिका माता की आराधना की तथा नगर की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर शाजापुर पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला एसडीएम मनीषा वास्कले हिंदू उत्सव समिति के पदाधिकारी और चंद्रशेखर आजाद होली उत्सव समिति के सदस्यगण भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर उत्सव को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया।
रात्रि लगभग 10 बजे शुभ मुहूर्त में होलिका दहन किया गया। दहन के समय बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
समिति द्वारा आयोजन की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखी गईं। सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आवश्यक इंतजाम भी किए गए थे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।