नीमच। होली के पावन पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए नीमच पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि जिले की सामाजिक समरसता, सद्भाव और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, खतरनाक ड्राइविंग, ट्रिपल राइडिंग तथा हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में वाहन जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

शहर में निगरानी के लिए “नीमच आई” के माध्यम से प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। पुलिस ने चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि या अशिष्ट व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस ने नागरिकों से बिना अनुमति किसी पर रंग न डालने की अपील की है। जबरन रंग लगाने या महिलाओं एवं बच्चियों के साथ अभद्र व्यवहार की स्थिति में तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम नीमच के नंबर 7049101042, 07423-228000 अथवा आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना देने को कहा गया है।

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भ्रामक या साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले संदेश, पोस्ट या वीडियो प्रसारित न करने की भी अपील की गई है। पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल द्वारा ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आईटी एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

नीमच पुलिस ने आमजन से संयम, जिम्मेदारी और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की है।
