नीमच। धुलेंडी के दिन जिलेभर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी और चौकस ड्यूटी निभाने के बाद नीमच पुलिस ने उत्साह और भाईचारे के साथ होली का पर्व मनाया। त्योहार के दौरान दिनभर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहने के कारण कई पुलिसकर्मी अपने परिवार के साथ होली नहीं मना सके। ड्यूटी पूर्ण होने के बाद विभिन्न थानों में होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए।

सुबह से ही नीमच कैंट थाने पर रंगोत्सव की शुरुआत हुई, जहां पुलिस अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। ढोल-नगाड़ों की थाप और पारंपरिक होली गीतों पर पुलिसकर्मी झूमते नजर आए और नृत्य के साथ उत्सव की खुशियां साझा कीं।

इस दौरान पुलिस अधिकारी और कर्मचारी पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निवास पर भी पहुंचे और उन्हें होली की बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान आपसी सौहार्द और भाईचारे का वातावरण देखने को मिला।

नीमच कैंट, नीमच सिटी, बघाना और यातायात थाना सहित जिले के विभिन्न थानों में भी होली मिलन समारोह आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने रंग-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश दिया।
