नीमच। माननीय सर्वाेच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा जारी राष्ट्रीय कार्यबल (एनटीएफ) मानसिक स्वास्थ्य एवं छात्र कल्याण गतिविधि कैलेंडर के अंतर्गत श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में फरवरी 2026 के दौरान विभिन्न जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
निर्धारित कैलेंडर के अनुसार फरवरी माह के द्वितीय सप्ताह में छात्राओं, स्टाफ एवं अभिभावकों के लिए योग, ध्यान एवं प्राणायाम सत्र आयोजित किया गया। साथ ही “मैं अकेला नहीं हूँ” विषय पर तनाव प्रबंधन कार्यशाला एवं समूह चर्चा का आयोजन हुआ। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्राओं में मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच का विकास करना था।
तृतीय सप्ताह में “बात करें, बोझ हल्का करें” अभियान के तहत संवाद सत्र आयोजित किया गया। शासकीय अतिथि विद्वान (मनोविज्ञान) वैभव सक्सेना ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व एवं संवाद की भूमिका पर प्रकाश डाला। छात्राओं को खुलकर अपने विचार साझा करने के लिए प्रेरित किया गया।
प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने कहा कि विद्यार्थियों का मानसिक स्वास्थ्य उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों जितना ही महत्वपूर्ण है। चतुर्थ सप्ताह में “आत्महत्या रोकथाम” विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया, जिसमें अतिथि व्याख्याता संगीता शर्मा ने जीवन कौशल एवं परामर्श के महत्व पर जानकारी दी।
आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. गिरिराज शर्मा एवं एनटीएफ प्रभारी डॉ. हिना हरित ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्राप्त त्रैमासिक गतिविधि कैलेंडर के अनुसार आगामी महीनों में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महाविद्यालय परिवार ने छात्राओं के मानसिक स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।