मंदसौर। जिले में होली पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था संभालने के बाद गुरुवार को पुलिस लाइन परिसर सहित विभिन्न थानों में पुलिसकर्मियों ने उत्साह और उमंग के साथ होली मनाई। आला अधिकारियों से लेकर जवानों तक सभी रंग-गुलाल में सराबोर नजर आए।
जिले में आमजन द्वारा 3 और 4 मार्च को होली मनाई गई थी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार ड्यूटी पर तैनात रहा। परंपरा के अनुसार ड्यूटी पूर्ण होने के बाद गुरुवार को पुलिसकर्मियों ने होली उत्सव मनाया।
पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना स्वयं उपस्थित रहे। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ रंग-गुलाल खेलकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान वाटर कैनन से पानी की फुहारें छोड़ी गईं, जिससे माहौल और भी उत्सवी हो गया।
कार्यक्रम में कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर, नई आबादी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर, वायडी नगर थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। डीजे की धुन पर पुलिसकर्मी झूमते नजर आए और आपसी भाईचारे के साथ होली का आनंद लिया।
कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि होली के दौरान पुलिसकर्मी ड्यूटी में व्यस्त रहते हैं, इसलिए अगले दिन पारंपरिक रूप से पुलिस होली मनाती है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी पुलिस की सुदृढ़ व्यवस्था के बीच जिले में होली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।