मंदसौर। डाकघर मंदसौर संभाग के अधीक्षक चंद्रेश कुमार जैन ने मंदसौर में “इंडिया पोस्ट पार्सल पिकअप एवं बुकिंग सेवा” का भव्य शुभारंभ किया। इस नई सुविधा के माध्यम से आमजन, व्यापारी, संस्थान और फर्म केवल एक कॉल के जरिए अपने पार्सल की बुकिंग करवा सकेंगे और डाक विभाग द्वारा घर से पार्सल पिकअप की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
अधीक्षक चंद्रेश कुमार जैन ने बताया कि यह सेवा वर्तमान समय की बढ़ती आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है। डाक विभाग की भरोसेमंद और ईमानदार सेवाओं के चलते आमजन का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। नई सेवा से व्यापारियों और नागरिकों को तेज और सरल पार्सल सेवा का लाभ मिलेगा।
शुभारंभ के अवसर पर प्रतीकात्मक रूप से 50 पार्सल पिकअप कर बुक किए गए। कार्यक्रम में डाक विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। विभागीय अधिकारियों द्वारा कार्यक्रम का संचालन और आभार प्रदर्शन भी किया गया।