मंदसौर। क्षेत्र में सीपीएस अफीम किसानों की समस्याओं को लेकर विधायक विपिन जैन ने नारकोटिक्स विभाग को पत्र लिखकर किसानों को राहत देने की मांग उठाई है। विधायक ने उप नारकोटिक्स आयुक्त को भेजे पत्र में अफीम तुलाई व्यवस्था को सरल बनाने तथा किसानों को स्वयं डोडा तोड़ने की अनुमति देने की मांग की है।

विधायक जैन ने बताया कि क्षेत्र में अफीम की फसल तैयार हो चुकी है, लेकिन तुलाई व्यवस्था को लेकर किसानों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि तुलाई में देरी होने से किसानों को नुकसान होने की आशंका बनी रहती है।

उन्होंने यह भी कहा कि खेतों में तैयार फसल के बीच डोडा चोरी का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में किसानों को स्वयं डोडा तोड़ने की अनुमति दी जाए, ताकि फसल सुरक्षित रह सके और किसानों को राहत मिल सके।

विधायक ने नारकोटिक्स विभाग से इस संबंध में जल्द आदेश जारी कर तुलाई प्रक्रिया को आसान और व्यवस्थित बनाने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के अफीम किसानों को समय पर सुविधा मिल सके।
