खरगोन। मेरा युवा भारत खरगोन द्वारा माय भारत वालंटियर्स की भर्ती के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया आयोजित की गई। इस संबंध में जिला युवा अधिकारी पंकज गोस्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के सभी 9 विकासखंडों में 2-2 माय भारत वालंटियर्स की नियुक्ति की जाएगी। इस प्रकार विकासखंड स्तर पर कुल 18 तथा कार्यालय सहयोग के लिए 2 वालंटियर्स सहित कुल 20 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस भर्ती के लिए कुल 74 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से पात्र अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया। साक्षात्कार प्रक्रिया के लिए गठित इंटरव्यू पैनल में जिला युवा अधिकारी पंकज गोस्वामी के साथ नितिन पाठक और हरीश शर्मा शामिल रहे।
जिला युवा अधिकारी ने बताया कि चयनित माय भारत वालंटियर्स आगामी दो वर्षों तक जिले में विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इनके माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार, सामुदायिक विकास (कम्यूनिटी डेवलपमेंट), युवाओं की सहभागिता बढ़ाने तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि माय भारत वालंटियर्स के माध्यम से जिले में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और विभिन्न सरकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।