शुजालपुर। जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना शुजालपुर सिटी पुलिस ने एससी/एसटी एक्ट एवं हत्या के प्रयास के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक शाजापुर यशपाल सिंह राजपूत के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों के पालन में शुजालपुर सिटी पुलिस ने गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, 4 मार्च 2026 को फरियादी मुकेश चंद्र पिता कमलसिंह जाटव (45) निवासी ग्राम चितौड़ा ने थाना शुजालपुर सिटी में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उसी दिन सुबह करीब 9 बजे वह अपने पड़ोसी कांताप्रसाद पुर्बिया के साथ घर के पास खड़े थे। इसी दौरान उनका पुत्र प्रिंस जाटव और कांताप्रसाद का पुत्र श्रीयांश पुर्बिया घायल अवस्था में वहां पहुंचे, जिनके शरीर से खून निकल रहा था।
घायलों ने बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे वे दोनों ग्राम चितौड़ापुरा में अपने एक मित्र के घर जा रहे थे। इसी दौरान हनुमान मंदिर गेट, पचोर रोड चितौड़ापुरा के पास दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और कुछ दिन पहले स्कूल में हुए विवाद को लेकर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर एक युवक ने चाकू निकालकर प्रिंस जाटव पर हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ की कोहनी में गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने आए श्रीयांश पुर्बिया पर भी चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी कमर के पीछे चोट लगी। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को बचाया। जाते-जाते आरोपियों ने दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी।
फरियादी की शिकायत पर थाना शुजालपुर सिटी में अपराध क्रमांक 84/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 118(1), 296(बी), 351(3), 3(5) तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध), 3(2)(वी), 3(2)(Va) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय के नेतृत्व तथा एसडीओपी शुजालपुर निमेष देशमुख के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 मार्च 2026 को 24 घंटे के भीतर दो विधि-विरुद्ध बालकों को गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पाठक, उपनिरीक्षक इनिम टोप्पो, प्रधान आरक्षक योगेंद्र सिंह गुर्जर, आरक्षक रामबाबू सिसोदिया, राहुल सौंधिया, रवि रघुवंशी, रामबाबू लववंशी, घनश्याम राजपूत (साइबर सेल) तथा चालक एलकार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।