नीमच। नगर पालिका परिषद के साधारण सम्मेलन में शुक्रवार को वर्ष 2026-27 के लिए 273 करोड़ 77 लाख 72 हजार 756 रुपये का अनुमानित बजट पारित किया गया। सभापति वंदना खंडेलवाल द्वारा प्रस्तुत बजट को परिषद ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी, हालांकि बजट चर्चा के दौरान कुछ समय के लिए सदन में तीखी बहस और हंगामे की स्थिति भी बन गई।
सम्मेलन के दौरान बंगला बगीचा व्यवस्थापन को लेकर नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति और नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा आमने-सामने आ गए। बहस के दौरान योगेश प्रजापति ने नगर पालिका में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि अध्यक्ष के पति नगर पालिका के कार्यों में हस्तक्षेप करते हैं। इस पर अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कड़ा विरोध जताया, जिससे कुछ देर के लिए परिषद का माहौल गरमा गया।
बैठक में शहर की विभिन्न समस्याएं भी उठाई गईं। भाजपा पार्षद वीरेंद्र पाटीदार ने महेश सर्कल से विश्वकर्मा सर्कल तक सुलभ शौचालय नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि नगर पालिका आवश्यक जनसुविधाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है। वहीं नीरज अहीर और योगेश प्रजापति ने बघाना स्थित संजीवनी क्लिनिक के अधूरे निर्माण का मामला भी परिषद में उठाया।
इसके अलावा परिषद में स्विमिंग पूल शुल्क, प्राइवेट बस स्टैंड से कम आय और टेंट पर हो रहे अधिक खर्च को लेकर भी सवाल खड़े किए गए।
नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति ने आरोप लगाया कि वर्तमान परिषद के कार्यकाल में कोई नया बगीचा नहीं बना, जबकि फूड जोन और पिछले बजट में घोषित कई कार्य अब तक धरातल पर नहीं उतर पाए हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका में केवल रूटीन कार्य हो रहे हैं और यह बजट आंकड़ों की बाजीगरी जैसा है।
वहीं नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि यह बजट शहर के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि बजट में शहर के बुनियादी ढांचे, जनसुविधाओं और विकास कार्यों के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। अब देखना होगा कि परिषद अपने शेष कार्यकाल में इन योजनाओं को किस हद तक धरातल पर उतार पाती है।