शिवपुरी। जिले के पिछोर मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत गरेठा स्थित सिद्ध बाबा चकरार सरकार मंदिर में भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं, मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में विभिन्न समाजों के 41 वर-वधुओं ने सात फेरे लेकर एक-दूसरे के साथ जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। पंडितों के मंत्रोच्चारण के बीच सभी जोड़े हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार परिणय सूत्र में बंधे।
यह आयोजन ग्राम पंचायत सरपंच एवं भाजपा नेता अशोक सिंह यादव के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन भी हुआ, जिसमें वृंदावन से पधारी कथावाचक अनुराधा देवी ने श्रद्धालुओं को कथा का वाचन किया। कथा के दौरान भजन-संगीत कार्यक्रम और रामलीला का मंचन भी हुआ।
कथा के अंतिम दिन 41 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराया गया। इस अवसर पर सरपंच अशोक यादव ने नवविवाहित जोड़ों को उपहार स्वरूप डबल बेड, सोफा, कूलर सहित गृहस्थी का अन्य सामान भेंट किया।
कार्यक्रम में आशीर्वाद देने के लिए भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष जसवंत सिंह जाटव सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। विशाल भंडारे के साथ संपन्न हुए इस कार्यक्रम में दोनों पक्षों के परिजन, रिश्तेदार और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
इस दौरान सरपंच अशोक यादव ने घोषणा की कि भविष्य में इसी स्थान पर 151 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित करने का लक्ष्य रखा गया है।