नीमच। दशहरा मैदान स्थित सम्राट नाश्ता सेंटर में समोसे के अंदर कॉकरोच मिलने की घटना ने शहर में सनसनी फैला दी। ग्राहक द्वारा वायरल किए गए वीडियो के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकान पर छापामार कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार एक ग्राहक सुबह समोसे पैक करवाकर घर ले गया था। घर पर नाश्ता करते समय उसने समोसा तोड़ा तो उसके अंदर मरा हुआ कॉकरोच दिखाई दिया। ग्राहक ने तुरंत इसका फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही खाद्य सुरक्षा अधिकारी यशवंत शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नाश्ता सेंटर का निरीक्षण किया। जांच में दुकान में साफ-सफाई की अव्यवस्था और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई। टीम ने खाद्य सामग्री के सैंपल लैब जांच के लिए भेज दिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है और जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमों के अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नाश्ता सेंटर संचालक भगवान ने कहा कि ग्राहक काफी देर बाद शिकायत के लिए दुकान पर आया। घटना के बाद शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।