मंदसौर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने जिले में वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत आज जिले के विभिन्न स्थानों पर सघन जांच की गई।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी पीएस भीलाला ने बताया कि जांच के दौरान बिना आवश्यक दस्तावेजों के संचालित हो रहे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की गई। अभियान में 12 ऑटो रिक्शा, 1 टाटा मैजिक, 2 विक्रम टेम्पो और 1 यात्री बस को जब्त किया गया। इसके अलावा, दस्तावेजों की कमी पाए जाने पर तीन वाहनों से लगभग 10 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया और कर बकाया वाले वाहनों से करीब 60 हजार रुपये की राशि जमा कराई गई।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि सड़क सुरक्षा के लिए इस प्रकार की वाहन जांच कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सके।