नीमच। केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 87वें दिवस के उपलक्ष्य में ग्रुप केंद्र नीमच में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों, जवानों और महिला कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और बड़ी संख्या में रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में योगदान दिया।
शिविर का आयोजन सुरेंद्र कुमार, डीआईजी, ग्रुप केंद्र नीमच के निर्देशन में संयुक्त अस्पताल, सीआरपीएफ नीमच के सहयोग से किया गया। इसमें ग्रुप केंद्र नीमच, सीटीसी, आरटीसी, रेंज कार्यालय, संयुक्त अस्पताल, प्रथम बटालियन और 4 सिग्नल बटालियन के कार्मिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। संकलित रक्त चिकित्सकीय मानकों के अनुसार सुरक्षित रखा जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर मरीजों के उपचार में उपयोग किया जाएगा।
इस अवसर पर डीआईजी सुरेंद्र कुमार ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सर्वाेच्च कार्य है, जिससे जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ न केवल देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करती है, बल्कि सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी अग्रणी रही है। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी कार्मिकों की सेवा-भावना की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल सीआरपीएफ के आदर्श वाक्य “सेवा और निष्ठा” को पूरी तरह चरितार्थ करती है।
87वें सीआरपीएफ दिवस के अवसर पर आयोजित यह रक्तदान शिविर समाज के प्रति बल की मानवीय संवेदनाओं, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना का प्रेरणादायक उदाहरण बना।