शाजापुर। जिले में 14 वर्ष की किशोरी बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण को लेकर प्रशासन ने अभिभावकों से जागरूकता बरतने की अपील की है। इस संबंध में कलेक्टर रिजु बाफना ने नागरिकों से कहा है कि वे अपनी पात्र बेटियों को समय पर एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं।
उन्होंने बताया कि जिन बालिकाओं ने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया है और अभी 15वां जन्मदिन नहीं मनाया है, वे इस टीकाकरण के लिए पात्र हैं। एचपीवी वैक्सीन किशोरियों को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कलेक्टर बाफना ने अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे अपनी बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या टीकाकरण शिविर में पहुंचकर यह टीका अवश्य लगवाएं। साथ ही उन्होंने जिलेवासियों से इस जनस्वास्थ्य अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की भी अपील की है।