खरगोन। जिले के भगवानपुरा क्षेत्र के ग्राम मोहराड़ी में शुक्रवार को सड़क हादसे में बाइक सवार गर्भवती महिला पुलिया से करीब 20 फीट नीचे गिर गई, लेकिन चंद घंटों बाद अस्पताल में उसने एक बच्ची को जन्म दिया।
जानकारी के अनुसार मोहराड़ी निवासी हीरालाल अपनी गर्भवती पत्नी पेरू बाई और भाभी को लेकर बाइक से सिरवेल अस्पताल जा रहा था। शाम करीब 5 बजे सिरवेल में झूले के पास बने पुल पर सामने से आ रही एक अज्ञात बाइक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों बाइक सहित पुलिया से नीचे जा गिरे। जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां चारों ओर नुकीली चट्टानें थीं, लेकिन तीनों पास बने पानी के डबरे में गिर गए। इससे उनकी जान बच गई और गंभीर चोटें भी नहीं आई। घटना को देख समाजसेवी विक्रम ठाकुर ने घायलों को तुरंत अपनी निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जहां पेरू बाई ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। मां और बच्ची दोनों सुरक्षित हैं।