खरगोन। शहर के सद्भावना मार्ग सांई मंदिर के पास सद्भावना मंच के तत्वाधान में होली के रंग रोजा- इफ्तार संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन की विशेषता यह रही कि इसमें सभी धर्मों के लोग शामिल हुए। गुरुद्वारा साहब के ज्ञानी पवन सिंह, ईसाई समाज से फादर आशीष डावर ने मंच साझा किया। इस दौरान बतौर अतिथि पद्मश्री से सम्मानित जगदीश जोशीला, पूर्व विधायक परसराम डंडीर, एसडीएम वीरेंद्र कटारे, बीसा नीमा महाजन समाज अध्यक्ष नवनीत लाल भंडारी लिंबू सेठ, हाफिज तैय्यब मंचासीन रहे। शायर फिगार ने इस महते आयोजन की सराहना करते हुए संयोजक अजीज भाई को प्रशंसा पत्र भेंट किया। कार्यक्रम की शुरुआत कौमी एकता की मशाल जलाकर कि गई।
कार्यक्रम में संयोजक अजीज भाई ने कहा कि यह आयोजन पिछले 30 वर्षों से अनवरत जारी है। इसका उद्देश्य आपसी भाईचारा बढ़ाना, संवाद स्थापित करना है। अजीज भाई ने कहा कि जिला संवेदनशील माना जाता है। 2022 के दंगों में ऐसी छबि बन गई थी, कि लोग एक दूसरे को देखना पसंद नही करते थे। ऐसे समय में मंच के साथियों के साथ पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के बीच सामांजस्य स्थापित कर आमजन तक पहुंचे। यहां चौपाल बैठकें की। एक दूसरे के विचार सुने। मनमुटाव दूर कराया और इसी का परिणाम है कि रामनवमी, शिवडोला पर सारे गिले- शिकवे मिट गए और सांप्रदायिक सौहार्द की ऐसी बयार बही कि सभी एक दूसरे के त्यौहारों में शरीक होने लगे। यही मंच की मंशा है। अतिथियों ने कहा रोजा इफ्तार और होली का यह मिलन सामाजिक समरसता का अद्भुत दृश्य है। रंग, रिश्ते और रोजा के माध्यम से एकजुटता का संदेश देता है। यह आयोजन सिर्फ दो त्यौहारों का संगम नहीं, बल्कि हमारे समाज में सद्भाव और एकता की मजबूत नींव रखने की एक पहल है।