सिंगोली। नगर परिषद सिंगोली के वार्ड क्रमांक 5 में पद्मावती सामुदायिक भवन के पास कोटा रोड पर बने खुले नाले में शुक्रवार शाम एक भारी-भरकम बैल गिर गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जीव दया प्रेमियों, स्थानीय लोगों और नगर परिषद कर्मचारियों की मदद से बैल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते किए गए प्रयासों से एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बैल नाले में इस तरह फंस गया था कि वह काफी देर तक बाहर निकलने के लिए तड़पता रहा। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। नगर की जनसमस्याओं के लिए बने नगर विकास एवं सूचना व्हाट्सएप ग्रुप में सूचना मिलते ही जीव दया प्रेमी और नगर परिषद कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
बैल को बाहर निकालने के लिए करीब एक घंटे तक रस्सियों की मदद से खींचतान की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद लोगों ने जनसहयोग से एक लोडर बुलवाया। बैल को पट्टे से बांधकर लोडर की मदद से सावधानीपूर्वक बाहर निकाला गया।
जब तक बैल बाहर नहीं निकला, तब तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बैल के सुरक्षित बाहर आने पर लोगों ने राहत की सांस ली। इस दौरान किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई।
इस बचाव कार्य में नानालाल धाकड़, वार्ड 14 के पार्षद जीवन बलाई, विनोद छीपा, केसरीमल धाकड़, कैलाश धाकड़, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सत्तू धाकड़, मोहित मेहता, अशोक राठौर, राधेश्याम धाकड़, अन्तर सिंह राठौड़, अर्जुन धोबी तथा नगर परिषद कर्मचारी सुरेश धाकड़, जमादार प्रहलाद टांक, विधान टांक, कुणाल टांक और पंकज टांक का सराहनीय सहयोग रहा।
घटना के बाद वार्डवासियों में नाराजगी भी देखने को मिली। उन्होंने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में खुले और टूटे-फूटे नालों को जल्द सुधारा और ढका जाए, ताकि भविष्य में किसी जानवर या व्यक्ति के साथ ऐसी घटना न हो।