नीमच। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नीमच के श्री सीताराम जाजू कन्या महाविद्यालय में इनरव्हील क्लब द्वारा डिप्रेशन सेमिनार और महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को मनोचिकित्सक डॉ. स्वाति वधवा ने मानसिक स्वास्थ्य, डिप्रेशन की पहचान और उससे बचाव के तरीकों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जीवन की परेशानियों को दबाने के बजाय उन्हें किसी विश्वसनीय व्यक्ति के साथ साझा करना चाहिए और महिलाओं को हर समय “सुपर वुमन” बनने की आवश्यकता नहीं है।
कार्यक्रम में एक शॉर्ट मूवी के माध्यम से भी डिप्रेशन के लक्षण और बचाव के उपाय दिखाए गए। छात्राओं ने अपने विचार भी साझा किए। इस अवसर पर एक गुप्त दानदाता ने जरूरतमंद महिला मांगी बाई को ट्राइसाइकिल प्रदान की, जबकि रजिया अहमद ने शबाना को सिलाई मशीन भेंट की।
अपने संघर्ष और परिश्रम से बच्चों को शिक्षित करने वाली महिलाओं श्वेता जोशी, गायत्री जोशी, किरण शर्मा और सीमा शर्मा का शॉल और श्रीफल देकर सम्मान किया गया। इसके अलावा, प्रभारी प्राचार्य प्रतिभा कालानी और डॉ. स्वाति वधवा को इनरव्हील क्लब द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत वाचन सचिव प्रेरणा ने की, स्वागत उद्बोधन क्लब अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा ने दिया और संचालन रजिया अहमद ने किया। इस अवसर पर पीडीसी संगीता जोशी, हिमांगिनी त्रिवेदी, सिम्मी सलूजा, अलका चड्ढा, सरोज गांधी, ललिता जैन, रजनी वधवा, निर्मला मित्तल, शारदा तोर सहित क्लब की सदस्याएं और महाविद्यालय की छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।