मंदसौर। पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसौदिया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/29 के दुरुपयोग को रोकने और उस पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि निर्दाेष और निरपराध लोगों पर झूठे प्रकरण बनाकर बड़े तोड़-बट्टे लेन-देन की घटनाएं समय-समय पर सामने आती हैं। अफीम तस्करों के खिलाफ कानून का सही उपयोग होना चाहिए, लेकिन इसके दुरुपयोग से किसानों और आम लोगों को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
पत्र में उल्लेख है कि वर्ष 2023-24 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंदसौर विधानसभा क्षेत्र में जनसभा में इस एक्ट में पुनर्विचार की बात सार्वजनिक रूप से कही थी। राजस्थान विधानसभा में मार्च 2026 में इस एक्ट के दुरुपयोग को लेकर चर्चा हुई, विशेषकर कोटा, झालावाड़, निंबाहेड़ा और चित्तौड़गढ़ जिलों में।
पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि धारा 8/29 के दुरुपयोग पर रोक लगाई जाए और निर्दाेषों पर झूठे प्रकरणों से बचाव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, इस मामले को भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के माध्यम से उठाने की सिफारिश भी की गई है।